AI से आपत्तिजनक फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले कारोबारी दीपक टंडन की जमानत खारिज: कोर्ट ने माना गंभीर अपराध, DSP कल्पना वर्मा केस से आया था चर्चा में......
बिलासपुर। फर्जी खबरें छापकर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए लोगों की तस्वीरें एडिट कर ब्लैकमेल करने वाले होटल कारोबारी दीपक टंडन को कोर्ट से तगड़ा झटका लगा है। नवम सत्र न्यायाधीश श्री कश्यप की अदालत ने इस मामले पर सुनवाई करते हुए टंडन की जमानत याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने इसे गंभीर प्रवृत्ति का अपराध माना है। बिलासपुर पुलिस ने कुछ दिन पहले ही इस आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया था। आरोपी दीपक होटल कारोबार के साथ एक न्यूज पोर्टल चलाता है, जिसकी आड़ में लोगों को डरा-धमकाकर वसूली का धंधा कर रहा था।
न्यूज पोर्टल की आड़ में चलता था वसूली का खेल
टंडन का काम करने का तरीका एकदम शातिर था। वह लोगों की तस्वीरें उठाता और फिर AI टूल्स की मदद से उनसे छेड़छाड़ कर उन्हें आपत्तिजनक बना देता था। इसके बाद वह इन तस्वीरों के साथ भ्रामक खबरें अपने पोर्टल पर पब्लिश कर देता था। खबरें हटाने का दबाव बनाकर वह लोगों से रुपए वसूलता था। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि वह पोर्टल के जरिए ब्लैकमेलिंग का यह पूरा खेल चला रहा था।
मणीशंकर पांडेय की शिकायत पर पुलिस ने किया था गिरफ्तार
राष्ट्रीय जगत विजन ग्रुप के एमडी मनी शंकर पाण्डेय ने 29 अक्टूबर को बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी l तिफरा महाराणा प्रताप नगर निवासी मनी शंकर पाण्डेय ने पुलिस को बताया कि उनकी तस्वीरों को AI से एडिट कर उनके विरुद्ध भ्रामक और अश्लील खबरें बनाकर न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई हैं। जिसका मकसद उनकी छवि खराब करना और पैसे ऐंठना है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू की, तो जांच में दीपक टंडन की भूमिका सामने आई।
रायपुर के अपार्टमेंट में दबिश देकर किया था गिरफ्तार
लोकेशन रायपुर में मिलने के बाद बिलासपुर पुलिस की एक टीम ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश देकर टंडन गिरफ्तार किया था गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दीपक के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इन दोनों मोबाइलों को खंगालने पर पुलिस के हाथ कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप लगे थे।
दीपक का पुराना और बड़ा क्रिमिनल रिकॉर्ड .....
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी दीपक टंडन के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक केस दर्ज हैं। पुलिस अब जब्त किए गए डिजिटल मटीरियल की बारीकी से जांच कर रही है। ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के इस पूरे खेल में कुछ अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका भी तलाशी जा रही है।
DSP कल्पना वर्मा पर लगाए थे लव ट्रैप के आरोप
होटल कारोबारी दीपक टंडन इससे पहले भी एक बड़े मामले के चलते सुर्खियों में रहा है। उसने दंतेवाड़ा में पदस्थ रहीं तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे संगीन आरोप मढ़े थे। कारोबारी टंडन ने दावा किया था कि DSP ने पहले उसे प्यार के जाल (लव ट्रैप) में फंसाया। फिर शादी का झांसा देकर उससे करोड़ों रुपए नकद, महंगी गाड़ी और कीमती गहने ले लिए।
इस पूरे विवाद के बीच DSP कल्पना वर्मा ने राष्ट्रीय जगत विजन से बातचीत में अपनी बात रखी थी। उन्होंने बताया था कि टंडन हमारे पैसे वापस नहीं लौटा पा रहा था। इसी देनदारी से बचने के लिए उसने सोशल मीडिया से तस्वीरें निकालकर फर्जी चैट्स तैयार किए। उन्होंने इस मामले में लीगल एक्शन लेने की प्रक्रिया में आगे बढ़ने की बात कही थी। फिलहाल पुलिस डिजिटल सबूतों और जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इसके आलावा पुरे प्रदेश में जिसमे रायपुर ,कोरबा ,सक्ती में दीपक टंडन के विरुद्ध हाल ही में पुलिस ने लगभग 10 आपराधिक मामले दर्ज किये है जिसकी जाँच अलग अलग जिलो की पुलिस कर रही है l
