हिमाचल यूनिवर्सिटी में छात्र संगठनों के बीच बवाल, नारेबाजी से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा; कई छात्र घायल
Shimla University Clash: शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में आज सुबह एबीवीपी और एसएफआई के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई छात्रों के घायल होने की खबर है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
सुबह पौने 9 बजे आमने-सामने आए ABVP और SFI कार्यकर्ता
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे विश्वविद्यालय परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के कार्यकर्ता अचानक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। बताया जा रहा है कि झड़प में एसएफआई के करीब 20 और एबीवीपी के लगभग 15 कार्यकर्ता शामिल थे। इस दौरान कई छात्रों को चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव कर हालात संभालने की कोशिश की।
नारेबाजी और बैनर को लेकर विवाद की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों छात्र संगठनों के बीच नारेबाजी या बैनर लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। हालांकि, झड़प की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कुछ छात्र गाली-गलौज और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम में कुछ छात्राओं के भी शामिल होने की बात सामने आई है। वहीं, मारपीट के दौरान कुछ कार्यकर्ता बीच-बचाव करते भी दिखाई दिए।
पुलिस की मौजूदगी में भी तनावपूर्ण रहा माहौल
झड़प के बाद विश्वविद्यालय परिसर में दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटना के बाद परिसर में तनाव बना हुआ है। पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, झड़प के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
