संविधान दिवस पर मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र ने तीन मोबाइल ई सेवा वैन को हाईकोर्ट परिसर से दिखाई हरी झंडी; केस स्टेटस, ई-फाइलिंग, लोक अदालत और दूर से गवाही की मिलेगी सुविधा
रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर के लिए तीन मोबाइल ई-सेवा वैन रवाना
बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय परिसर में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस पर तीन मोबाइल ई-सेवा वैन शुरू की गईं। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र ने फीता काटकर इन वाहनों का शुभारंभ किया। उन्होंने वैन में लगी सुविधाओं का जायजा लिया और हरी झंडी दिखाकर उन्हें चयनित जिलों के लिए रवाना किया। अभी ये तीनों वैन रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर भेजी गई हैं।
इन वैन को चलित सुविधा और सेवा वितरण केंद्र के रूप में तैयार किया गया है। इनका उद्देश्य न्यायिक और विधिक सेवाओं को आम लोगों के करीब लाना है। खासकर पक्षकारों, ग्रामीण और जनजातीय समुदायों, वंचित वर्गों तथा दुर्गम व सुविधाओं से वंचित इलाकों के नागरिकों तक सेवाएं पहुंचाई जाएंगी, ताकि भौगोलिक दूरी, डिजिटल सुविधाओं की कमी या सामाजिक-आर्थिक असमानता न्याय तक पहुंच में बाधा न बने।
मोबाइल ई-सेवा वैन से लोगों को अदालत परिसर गए बिना ही कई डिजिटल न्यायिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इनमें न्यायालयीन प्रकरणों की स्थिति, वाद सूची (कॉज लिस्ट), ई-फाइलिंग और ई-कोर्ट्स से जुड़ी अन्य सेवाएं शामिल हैं। साथ ही इनके जरिए मोबाइल लोक अदालतें लगाई जाएंगी और प्री-लिटिगेशन मामलों के समझौते व निपटारे के लिए विशेष अभियान चलेंगे। इससे आपसी सहमति से विवाद सुलझाने को बढ़ावा मिलेगा और नियमित अदालतों पर लंबित मामलों का बोझ कम करने में मदद मिलेगी। मोटर वाहन अधिनियम के चालान और अन्य उपयुक्त मामलों के निपटारे के लिए भी विधिक सेवा तंत्र के माध्यम से विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
ये वाहन विधिक जागरूकता अभियान चलाने के काम भी आएंगे। कमजोर और वंचित वर्गों के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं व कार्यक्रमों का संचालन भी इनके माध्यम से होगा। वैन में हाई-क्वालिटी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा दी गई है, जिससे दूरस्थ साक्ष्य अभिलेखन यानी दूर से गवाही दर्ज की जा सकेगी। इससे न्यायिक कार्यवाही आसान होगी और गवाहों को अदालत में खुद उपस्थित होने में आने वाली परिवहन व अन्य व्यावहारिक दिक्कतें कम होंगी।
हर वैन में विशेष बिजली बैकअप व्यवस्था, जनरेटर, ऑडियो-विजुअल डिस्प्ले सिस्टम, हाई-डेफिनिशन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग उपकरण और हाई-स्पीड मल्टी-नेटवर्क कनेक्टिविटी लगाई गई है। भीतर 32 इंच और 43 इंच के टेलीविजन डिस्प्ले, ब्लूटूथ स्पीकर, इंटरकॉम, कैमरा, राउटर और वेबकैम मौजूद हैं। इसके अलावा एक टन का स्प्लिट एयर कंडीशनर, वाटर डिस्पेंसर और अग्निशामक यंत्र सहित अन्य जरूरी उपकरण भी लगाए गए हैं।
यह पहल उच्चतम न्यायालय की ई-कोर्ट्स परियोजना के तहत संयुक्त प्रौद्योगिकी और न्यायिक जनसंपर्क अभियान का हिस्सा है। इसे राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, उच्च न्यायालयों, राज्य व जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के समन्वय और भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग के सहयोग से चलाया जा रहा है। वैन के सही और जवाबदेह इस्तेमाल के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। इसमें संचालन, समन्वय और निगरानी की रूपरेखा व जिम्मेदारियां तय की गई हैं, ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों को इनका लाभ मिल सके।
शुभारंभ और फ्लैग ऑफ समारोह छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सहयोग से उच्च न्यायालय परिसर में आयोजित किया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति पार्थ प्रतिम साहू के साथ न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास, न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी, न्यायमूर्ति सचिन सिंह राजपूत, न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय, न्यायमूर्ति संजय कुमार जायसवाल, न्यायमूर्ति रविंद्र कुमार अग्रवाल, न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद, न्यायमूर्ति संतोष शर्मा, न्यायमूर्ति सुषमा सावंत और न्यायमूर्ति सुधीर कुमार मौजूद रहे। समारोह में रजिस्ट्रार जनरल व रजिस्ट्री के अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी के निदेशक व अधिकारी, प्राधिकरण के सदस्य सचिव व अधिकारी, महाधिवक्ता कार्यालय के अधिकारी, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव, वरिष्ठ अधिवक्ता, कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अधिवक्ता और उच्च न्यायालय के कर्मचारी भी शामिल हुए।
