आधी रात SSP का अचौक निरीक्षण, थाना, कोर्ट सहित चौक चौराहों, फिक्स पॉइंट्स और पेट्रोलिंग पार्टियों की मुस्तैदी जांची
बिलासपुर। बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह गुरुवार देर रात अचानक शहर की गश्त व्यवस्था का जायजा लेने निकल पड़े। उन्होंने आधी रात से शुक्रवार सुबह 4 बजे तक शहर और ग्रामीण इलाकों के चौक चौराहों, फिक्स पॉइंट्स और पेट्रोलिंग पार्टियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उच्च न्यायालय आवासीय परिसर की सुरक्षा भी परखी और जवानों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। एसएसपी रजनेश सिंह ने गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह 4 बजे तक खुद गश्त की कमान संभाली। उन्होंने जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों का दौरा कर फिक्स पॉइंट्स, पेट्रोलिंग पार्टी, सेक्टर और जोनल गश्त अधिकारियों की मुस्तैदी जांची। उन्होंने सुरक्षा में तैनात जवानों को प्रभावी तरीके से गश्त करने की हिदायत दी और साफ कहा कि कोई भी जवान समय से पहले अपना पॉइंट नहीं छोड़ेगा। साथ ही सेक्टर और चेक गश्त अधिकारियों को भी इन पॉइंट्स को लगातार चेक करने के निर्देश दिए गए।
कहां-कहां पहुंचे SSP?
निरीक्षण के दौरान एसएसपी मगरपारा, तालापारा, देवकीनंदन चौक और पुराना बस स्टैंड चौक पहुंचे। इन जगहों पर मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे जवानों की उन्होंने पीठ थपथपाई और उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा भी की। उन्होंने उच्च न्यायालय आवासीय परिसर में तैनात सशस्त्र बल के गार्डों को भी चेक किया और माननीय न्यायाधीशों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
थाना चकरभाठा का भी किया मुआयना
अपनी रात्रि गश्त के दौरान एसएसपी रजनेश सिंह ने थाना चकरभाठा का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में रात्रि पहरा का मुआयना किया और थाना क्षेत्र में लगे गश्त पॉइंट पर तैनात जवानों को सजगता और सतर्कता से कर्तव्य निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर बिलासपुर जिले में रात्रि गश्त पॉइंट्स की संख्या बढ़ाई गई है। अब हर अधिकारी और कर्मचारी की सप्ताह में कम से कम एक गश्त अनिवार्य कर दी गई है। सभी फिक्स पॉइंट पर तैनात जवान राइफल के साथ गश्त करते हैं। इसके अलावा, गश्त पर निकलने से पहले रात 12 बजे जोनल गश्त अधिकारी सभी जवानों को किसी चौक चौराहे पर एक साथ ब्रीफ करते हैं। सेक्टर अधिकारी, फिक्स पॉइंट और पेट्रोलिंग पार्टी मिलकर अलग-अलग चेकिंग पॉइंट्स पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग भी करते हैं। एसएसपी ने सभी कर्मचारियों को इसी प्रकार प्रभावी ढंग से और सक्रियता पूर्वक रात्रि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस गश्त निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा, उप पुलिस अधीक्षक यातायात शिवचरण परिहार, और सेक्टर अधिकारी के रूप में थाना प्रभारी सिरगिट्टी किशोर केवट, थाना प्रभारी कोनी राहुल तिवारी, थाना प्रभारी तोरवा अभय सिंह बैस, थाना प्रभारी रतनपुर नरेश चौहान भी उपस्थित थे।
