डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद पर एक की गई जान, पुलिस और एसीसीयू ने की कार्रवाई, 75 वर्षीय बुजुर्ग समेत 13 गिरफ्तार
बिलासपुर : मस्तूरी थाना क्षेत्र के जनकपहरी में गणेश उत्सव के दौरान डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पुरानी रंजिश के बीच हुए इस विवाद में एक युवक की जान चली गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 75 वर्षीय बुजुर्ग सहित 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गणेश पंडाल के पास शुरू हुआ विवाद
घटना 20 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। जनकपहरी में गणेश पंडाल के पास डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद गाली-गलौज शुरू हुई और देखते ही देखते एक पक्ष के लोगों ने लाठी, डंडे, चाकू और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले की चपेट में शैलेष कुमार राठौर (राज), रवि और व्यास नारायण आए। विवाद शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे विद्याकांत, विक्रम और लक्की उर्फ विकास पर भी हमला कर दिया गया।
इलाज के दौरान शैलेष ने तोड़ा दम, 4 युवक घायल
हमले में शैलेष कुमार राठौर (राज) को गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं व्यास नारायण, रवि, लक्की उर्फ विकास और विक्रम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी का सिम्स में उपचार जारी है।
रातभर चली दबिश, एक के बाद एक पकड़े गए आरोपी
हत्या और बलवा की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस ने एसीसीयू के साथ मिलकर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे, लोहे की छुरी और कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।
पुलिस ने जनकपहरी निवासी बोधीराम राठौर (75), संतोष राठौर (47), दिलीप कुमार (45), दीपक कुमार (42), आकाश राठौर (19), शंकर उर्फ नंदू (33), आकाश उर्फ मोनू (19), सूरज कुमार (40), रोहित कुमार (36), सुनील उर्फ राजा (28), प्रकाश उर्फ लालू (23), रवि कुमार (25) और आयुष राठौर (21) को गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
