बिलासपुर की सड़कों पर ‘जान हथेली पर’! एक बाइक पर 5 छात्र, बिना हेलमेट स्टंट; VIDEO ने मचाया हड़कंप
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सड़कों पर ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर बाइक और स्कूटी चलाने के कई मामले सामने आए हैं। कहीं एक ही बाइक पर स्कूल यूनिफॉर्म पहने पांच नाबालिग सवार होकर स्टंट करते दिखाई दिए, तो कहीं एक स्कूटी पर पांच युवक तेज रफ्तार में शहर की सड़कों से गुजरते नजर आए।
इससे जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि कुछ बच्चे बिना हेलमेट चलती बाइक पर खड़े होकर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कई वाहनों की नंबर प्लेट गायब या नियमों के अनुरूप नहीं होने की बात सामने आई है। ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो और CCTV फुटेज के जरिए ऐसे वाहन चालकों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है।
स्कूल यूनिफॉर्म में 5 नाबालिग, चलती बाइक पर खतरनाक स्टंट
सबसे हैरान करने वाली तस्वीर इमलीपारा रोड से सामने आई। यहां स्कूल यूनिफॉर्म पहने पांच नाबालिग एक ही बाइक पर सवार दिखाई दिए। वीडियो में बाइक पर बैठे दो बच्चे दोनों तरफ खड़े होकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान किसी ने भी पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए थे। स्कूल की छुट्टी के समय व्यस्त सड़क पर इस तरह की ड्राइविंग से न सिर्फ बाइक सवार बच्चों बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों के लिए भी हादसे का खतरा पैदा हो सकता था।
स्कूटी पर पांच युवक, शहर की सड़कों पर फर्राटा
ऐसा ही एक मामला तितली चौक पर सामने आया। यहां एक स्कूटी पर पांच युवक एक साथ सवार नजर आए। बताया जा रहा है कि सभी रेलवे स्टेशन की ओर से तितली चौक पहुंचे और वहां से बुधवारी बाजार की तरफ निकल गए। एक छोटे से दोपहिया वाहन पर पांच लोगों के सवार होने के कारण स्कूटी का संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ था।
नंबर प्लेट की जगह ‘जय महाकाल’
शहर में सिर्फ ओवरलोडिंग और स्टंट ही नहीं, बल्कि नंबर प्लेट से जुड़े नियमों की अनदेखी भी सामने आई है। तेलीपारा रोड पर एक बुलेट की निर्धारित नंबर प्लेट की जगह कथित तौर पर ‘जय महाकाल’ लिखा हुआ दिखाई दिया। वहीं साइंस कॉलेज के पास खड़ी एक अन्य बुलेट की आगे की नंबर प्लेट टूटी हुई थी, जबकि पीछे निर्धारित रजिस्ट्रेशन नंबर की जगह काली प्लेट नजर आई।
CCTV से पहचान करेगी ट्रैफिक पुलिस
मामला सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने भी कार्रवाई की तैयारी की है। एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे के मुताबिक, शहर में बाइक और कार से स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। चौराहों पर लगे CCTV कैमरों और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से नियम तोड़ने वाले वाहनों की पहचान की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, फुटेज के आधार पर संबंधित वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
बिना नंबर प्लेट वालों पर विशेष धरपकड़
ट्रैफिक पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और रजिस्ट्रेशन प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू करने की बात कही है। इसमें बिना नंबर वाले वाहनों के साथ ऐसी गाड़ियों पर भी कार्रवाई की जाएगी, जिनकी नंबर प्लेट पर निर्धारित नंबर की जगह नाम, धार्मिक स्लोगन या अन्य शब्द लिखे गए हैं।
सड़क पर स्टंट को लेकर हाईकोर्ट भी जता चुका है नाराजगी
बिलासपुर में सड़क और नेशनल हाईवे पर स्टंटबाजी के मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट पहले भी गंभीर रुख अपना चुका है। सड़क पर स्टंट, बर्थडे सेलिब्रेशन और केक काटने जैसी घटनाओं पर कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य शासन से जवाब मांगा था। शासन की ओर से कोर्ट को बताया गया था कि पुलिस ने स्टंट करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाकर गाड़ियां जब्त की हैं।
‘ऐसी कार्रवाई हो जो दूसरों के लिए बने सबक’
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सड़क पर खतरनाक तरीके से स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्ती की जरूरत बताई थी। कोर्ट का जोर इस बात पर रहा कि ऐसी गतिविधियों से आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में नहीं पड़नी चाहिए। कोर्ट ने पुलिस कार्रवाई में समानता को लेकर भी सवाल उठाए थे और प्रभावशाली लोगों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया था।
पुलिस की कार्रवाई के साथ अभिभावकों की जिम्मेदारी भी अहम
स्कूल यूनिफॉर्म में नाबालिगों के इस तरह बाइक चलाने और स्टंट करने की घटना ने पुलिस कार्रवाई के साथ अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े किए हैं। नाबालिगों के हाथ में वाहन पहुंचना और फिर सार्वजनिक सड़क पर कई बच्चों के साथ स्टंट करना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। फिलहाल, वायरल वीडियो और CCTV फुटेज के आधार पर ट्रैफिक पुलिस वाहन चालकों की पहचान करने में जुटी है। अब देखना होगा कि एक बाइक पर पांच सवारी, खतरनाक स्टंट और नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है।
