राजधानी के पंडरी स्थित ‘श्री शिवम’ कपड़ा शोरूम में लाखों की चोरी का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
रायपुर / राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित ‘श्री शिवम’ कपड़ा शोरूम में 31 मार्च की रात हुई लाखों रुपये की चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 23 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
शोरूम संचालक संजय राठी द्वारा थाना सिविल लाइन में अज्ञात चोरों के विरुद्ध चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर तकनीकी विश्लेषण एवं संदिग्धों से पूछताछ प्रारंभ की। जांच के दौरान शोरूम में कार्यरत कर्मचारी राजेश टंडन पर संदेह गहराया। पूछताछ में राजेश ने स्वीकार किया कि उसने अपने मामा परमेश्वर बघेल उर्फ प्रेम, साथी सुरेश दीवान और मोहनीश श्रीवास्तव उर्फ सिद्धार्थ के साथ मिलकर चोरी की साजिश रचकर घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16,89,970 रूपए नकद, दो कार, एक एक्टिवा स्कूटर, एक पल्सर मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 23 लाख रूपए से अधिक है।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से चोरी की शेष रकम की बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड लिया जाएगा। इस त्वरित और सफल कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर द्वारा जांच टीम को10,000 रूपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया है।
