दीपक - बरखा के खिलाफ एक और मामला दर्ज, एटमॉस्फियर रेस्तरां वाली जमीन बेचने के नाम पर 36 लाख की ठगी, पैसे मांगे तो बोले- झूठे केस में फंसा देंगे
कहते हैं पाप का घड़ा ज्यादा दिन नहीं टिक पाता और एक दिन फूट ही जाता है।
यह कहावत रायपुर के बहुचर्चित हिस्ट्रीशीटर दीपक टंडन पर एकदम सटीक बैठती है।
6 नवंबर को गिरफ्तार होने के बाद दीपक टंडन पर एक के बाद एक एफआईआर दर्ज हो रही है, और ऐसा बिल्कुल भी नहीं है कि दीपक टंडन इन मामलों में दोषी नहीं है।
बल्कि बिलासपुर वाले मामले के सामने के आने के बाद उन पीड़ितों को हिम्मत मिली है जो दीपक टंडन से प्रताड़ित थे और सालों से दीपक टंडन के विरुद्ध आवाज उठाने की हिम्मत नहीं जुटा कर पा रहे थे। अब नया मामला रायपुर VIP रोड स्थित जमीन बेचने के नाम पर 36 लाख की ठगी का है।
रायपुर। राजधानी के वीआईपी रोड इलाके में करोड़ों की जमीन और उस पर चल रहे रेस्तरां को बेचने का झांसा देकर दीपक टंडन के 36 लाख रुपए हड़पने का बड़ा मामला सामने आया है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से एडवांस रकम तो ले ली, लेकिन जब जमीन की रजिस्ट्री का समय आया तो मुकर गए। बाद में खुलासा हुआ कि जिस जमीन का सौदा किया गया, वह दीपक - बरखा के नाम पर है ही नहीं। पीड़ित ने जब अपने पैसे वापस मांगे, तो टंडन दंपत्ति ने गाली-गलौज करते हुए उसे एससी-एसटी एक्ट के झूठे केस में फंसाने और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी । तेलीबांधा पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति-पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
1 करोड़ 16 लाख में तय हुआ था जमीन का सौदा
वीआईपी एस्टेट, शंकर नगर के रहने वाले आशीष जायसवाल का बीयर कारोबारी है। उनकी शिकायत के मुताबिक, उनके एक पूर्व परिचित जगदीश सिंह ने उन्हें जमीन खरीद-बिक्री की बात कही थी। जगदीश ने ही आशीष की मुलाकात अंबेडकर टंडन उर्फ दीपक और उसकी पत्नी बरखा टंडन से कराई। टंडन ने बताया कि वीआईपी रोड पर 16,500 वर्गफीट की जमीन है और इस पर फिलहाल 'एटमॉस्फियर' नाम का रेस्तरां चल रहा है। उन्होंने रेस्तरां समेत पूरी जमीन बेचने का ऑफर दिया। दोनों पक्षों के बीच इस जमीन का सौदा 1 करोड़ 16 लाख रुपए में तय हो गया।
होटल में बुलाकर नगद लिए, खातों में भी कराए पैसे ट्रांसफर
डील पक्की होने के बाद आशीष जायसवाल ने एडवांस रकम देनी शुरू की। 14 अगस्त 2025 को टोकन मनी के तौर पर एक लाख रुपए ऑनलाइन दिए गए। इसके बाद 18 अगस्त 2025 को तीन किस्तों में 25 लाख, 3 लाख और 2,00,016.70 रुपए ऑनलाइन भेजे गए। आशीष ने 5 लाख रुपए नकद भी दिए। यह पूरा लेन-देन वीआईपी रोड स्थित वेलकमश्री होटल में हुआ। आशीष ने अपने आईसीआईसीआई बैंक खाते (नंबर 777701024680) और एक दोस्त के खाते से यह रकम सीधे बरखा टंडन के यस बैंक खाते (नंबर 004763200001109) में ट्रांसफर की। यह खाता वेलकमश्री होटल के नाम से ही संचालित है। कुल मिलाकर आरोपियों ने 36,00,016.70 रुपए एडवांस में ले लिए।
रजिस्ट्री के नाम पर टालमटोल, फिर दिखाई दबंगई
मोटी रकम हाथ लगने के बाद अंबेडकर टंडन और बरखा ने बिक्री इकरारनामा तैयार कराने, सीमांकन, बंटवारा और राजस्व अभिलेख दुरुस्त कराकर रजिस्ट्री का भरोसा दिया था। लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी वे टाल मटोल करते रहे। इसी बीच आशीष को जानकारी मिली कि जिस जमीन का सौदा हुआ है, उसका असल मालिक अंबेडकर टंडन नहीं है। धोखाधड़ी का अहसास होने पर आशीष ने अपनी रकम वापस मांगी तो टंडन दंपत्ति लगातार समय पीड़ित को घुमाते रहे। जब आशीष ने सख्ती दिखाई तो दोनों गाली-गलौज कर आशीष को जान से मारने की धमकी दी और कहा कि एससी/एसटी एक्ट में फंसाकर निपटा देंगे।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, बिचौलिए की भूमिका की भी जांच
टंडन परिवार की धमकियों से परेशान होकर आशीष जायसवाल ने 10 नवंबर को तेलीबांधा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई ।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 318(4), 296, 351(2) और 3(5) के तहत एफआईआर नंबर 0502 दर्ज कर ली है । पुलिस अब दीपक - बरखा टंडन के बैंक खातों और जमीन के दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही दोनों पक्षों में मध्यस्थता कराने वाले जगदीश सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि वह इस साजिश में शामिल था या नहीं।
वीआईपी रोड इलाके में पहले भी हो चुकी है ऐसी धोखाधड़ी
तेलीबांधा और वीआईपी रोड थाना क्षेत्र में हाल के महीनों में जमीन और प्रॉपर्टी से जुड़ी धोखाधड़ी के कई मामले सामने आ चुके हैं। जालसाज अक्सर प्राइम लोकेशन पर आसानी से उपलब्ध जमीन या चलते हुए रेस्तरां का झांसा देकर खरीदारों को फंसाते हैं। लोग बिना पूरी जांच किए एडवांस रकम दे देते हैं और बाद में पैसे डूब जाते हैं। पुलिस अधिकारियों ने अपील की है कि ऐसे मामलों में सौदा तय करने से पहले प्रॉपर्टी के सभी कागजातों की अच्छी तरह से जांच कर लें
