दीपक टंडन के 2 मोबाइलों से बड़ा खुलासा: महिला अफसरों को प्रमोशन से पहले करता था ब्लैकमेल; एआई से अश्लील फोटो बनाकर ऐंठता था रकम, सरकारी अफसर भी सिंडिकेट में शामिल
बिलासपुर पुलिस की जांच में हिस्ट्रीशीटर दीपक के फोन से मिले ऑडियो-चैट्स, दलाल पत्रकारों और सफेदपोश अफसरों का गठजोड़ आया सामने। ब्लैकमेलिंग के नेक्सस का पर्दाफाश।
बिलासपुर। रायपुर - राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित एक अपार्टमेंट से 6 नवंबर को गिरफ्तार किए गए विवादित होटल कारोबारी और कथित पत्रकार दीपक टंडन के मामले में बिलासपुर पुलिस की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी के दो मोबाइल और उसकी पत्नी के फोन से मिले डेटा ने पुलिस और जांच एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि टंडन प्रदेश में एक सुनियोजित सिंडिकेट चला रहा था।
इस नेक्सस का मुख्य काम महिला अधिकारियों (आईपीएस, डीएसपी और अन्य ब्यूरोक्रेट्स) को उनके प्रमोशन से ठीक पहले टारगेट कर ब्लैकमेल करना और मोटी रकम ऐंठना था। इस अवैध वसूली के खेल में शासन-प्रशासन में बैठे कुछ 'क्रिमिनल माइंडेड' अफसरों और दलालनुमा पत्रकारों की भी बराबर की हिस्सेदारी सामने आई है।
एआई से फोटो से छेड़छाड़ कर प्रताड़ित करने का मामला....
दीपक टंडन की हालिया गिरफ्तारी बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में दर्ज एक एफआईआर के आधार पर हुई है। प्रार्थी मनीशंकर पांडे ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि टंडन ने एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल कर उनकी तस्वीरों से छेड़छाड़ की। इसके बाद भ्रामक खबरें प्रकाशित कर उन्हें जादू-टोना करने वाला बताया गया। इससे उनकी सामाजिक छवि और मान-सम्मान को भारी ठेस पहुंची। शिकायत के आधार पर पुलिस ने टोनही प्रताड़ना अधिनियम और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पर्दे के पीछे से अफसर देते थे इनपुट, सोशल मीडिया पर होती थी बदनामी
जब्त मोबाइलों से बरामद चैट्स, ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच में एक बेहद मजबूत सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। जांच में साबित हुआ है कि सिस्टम में बैठे कुछ अफसर दीपक टंडन को खुफिया और विभागीय इनपुट मुहैया कराते थे। इसके बाद टंडन और उसके साथ जुड़े कुछ ब्लैकमेलर पत्रकार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर महिला अफसरों के खिलाफ झूठी और मनगढ़ंत खबरें प्लांट करते थे। सोशल मीडिया के दुरुपयोग का यह खेल इतनी चालाकी से खेला जाता था कि महज दो लाइनों की पोस्ट से किसी भी अधिकारी की छवि रातों-रात खराब कर दी जाती थी। इसके बाद बदनामी के डर और सफाई देने की मजबूरी का फायदा उठाकर लाखों रुपये की वसूली की जाती थी।
होटल कारोबारी से हिस्ट्रीशीटर तक का सफर
खुद को कभी पत्रकार, कभी होटल कारोबारी, कभी समाजसेवी तो कभी मटेरियल और कोयला सप्लायर बताने वाले दीपक टंडन का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। कोरबा और सक्ती समेत प्रदेश के कई थानों में उसके खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और वसूली की कई शिकायतें दर्ज हैं। कई मामले कोर्ट में भी विचाराधीन हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आदतन अपराधों में लिप्त होने के कारण टंडन हिस्ट्रीशीटर की तरह काम कर रहा था। उसके पास से कई संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद होने की सूचना है।
पत्नी का फोन भी जब्त, रायपुर-बिलासपुर पुलिस का ज्वाइंट ऑपरेशन
हाल ही में बिलासपुर पुलिस ने रायपुर पुलिस के सहयोग से दीपक टंडन के होटल और घर पर दबिश दी थी। इस दौरान जांच टीम ने दीपक टंडन की पत्नी का मोबाइल भी जब्त किया है। सूत्रों के मुताबिक पत्नी के फोन में भी इस सिंडिकेट से जुड़े कई अहम दस्तावेज, लेन-देन के स्क्रीनशॉट और चैट्स मिले हैं। सबसे ज्यादा इनपुट दीपक के दोनों निजी मोबाइल से एक्सट्रैक्ट किए जा रहे हैं।
एक चर्चित महिला अधिकारी भी रही टारगेट पर
जांच में यह भी सामने आया है कि हाल ही में प्रदेश में सुर्खियों में रही एक चर्चित महिला अधिकारी का एपिसोड भी इसी सिंडिकेट के इशारे पर उछाला गया था। छवि खराब करने और 'निपटाने' की साजिश किस स्तर पर रची जाती थी, इसका पूरा ब्योरा वॉट्सऐप चैट्स और कॉल रिकॉर्डिंग में मिला है।
सेक्स रैकेट और अन्य अनैतिक कार्यों की भी हो रही जांच
पुलिस अधिकारियों ने मीडिया से चर्चा में बताया कि टंडन के खिलाफ सेक्स रैकेट चलाने और अनैतिक गतिविधियों में लिप्त होने जैसी मौखिक शिकायतें भी मिली हैं। अधिकारी के मुताबिक, मोबाइलों का डेटा एक्सट्रैक्ट किया जा रहा है। अगर डेटा रिकवरी में ऐसे कोई भी तथ्य या सबूत मिलते हैं, तो अलग से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अब कई और चेहरों से उठेगा नकाब
बिलासपुर पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में लगी है। पुलिस पूछताछ में टंडन से यह उगलवाने की कोशिश की जा रही है कि दलाल पत्रकारों और विभागीय अफसरों के साथ उसकी बातचीत किस आधार पर और किन शर्तों पर होती थी। पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में जांच पूरी होने के बाद कई और बड़े खुलासे होंगे, जिसके आधार पर सिंडिकेट में शामिल सफेदपोश चेहरों की गिरफ्तारी भी तय मानी जा रही है।
