20 दिन बाद फिर बाघिन का हमला, खेत में खाद डाल रहा किसान गंभीर घायल, एटीआर वन क्षेत्र में बढ़ी दहशत
बिलासपुर : मुंगेली जिले की सीमा से लगे बिलासपुर के कोटा इलाके में शनिवार को बाघिन ने खेत में काम कर रहे किसान पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में किसान के हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल किसान को पहले कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गनियारी स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार दवनपुर निवासी 42 वर्षीय संजय मरकाम खेत में खाद डालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान खेतों के बीच मौजूद बाघिन अचानक उनके सामने आ गई और उन पर झपट पड़ी। किसान के संभलने से पहले ही बाघिन ने हमला कर दिया। संजय के बाएं हाथ, बाएं पैर और चेहरे पर चोटें आई हैं।
ग्रामीणों में फैली दहशत
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। दवनपुर और आसपास के गांवों में लोग खेतों और जंगल से लगे इलाकों में जाने को लेकर सतर्क हो गए हैं। बताया जा रहा है कि घटनास्थल अचानकमार टाइगर रिजर्व से लगे सामान्य वन क्षेत्र में आता है।
20 दिन पहले युवक की हो चुकी है मौत
बाघिन के हमले की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब करीब 20 दिन पहले मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में भी इसी तरह का हमला हुआ था। 24 अगस्त को लक्ष्मण डोंगरी के पास जंगल में पुटू तोड़ने गए बांधा निवासी धर्मजीत धृतलहरे पर बाघिन ने हमला किया था। इस हमले में धर्मजीत की मौके पर ही मौत हो गई थी।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद वन क्षेत्र से लगे गांवों में लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि खेत और जंगल आसपास होने के कारण रोजमर्रा के काम के लिए उन्हें इन इलाकों में जाना पड़ता है।
