अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत को सुप्रीम कोर्ट से फटकार, जाने क्या है पूरा मामला?
नई दिल्ली। बॉलीवुड की बेबाक अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद कंगना रनौत एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट के रुख की वजह से चर्चा में हैं। उनकी तीखी टिप्पणियों ने इस बार उन्हें कोर्ट के समक्ष मुश्किलों में डाल दिया है। 2020-21 के किसान आंदोलन के दौरान एक बुजुर्ग महिला के बारे में कंगना के ट्वीट ने विवाद को जन्म दिया, जो अब मानहानि मामले में तब्दील हो चुका है। अदालत ने कंगना की याचिका ठुकरा कर उन्हें निचली अदालत में अपनी बात रखने का निर्देश दिया है, जिससे उनकी कानूनी लड़ाई और जटिल हो गई है।
कंगना की इस टिप्पणी के बाद पंजाब के बठिंडा की रहने वाली 73 वर्षीय महिंदर कौर ने उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर कर दिया। यह मामला तब और गंभीर हो गया, जब पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने भी कंगना की याचिका खारिज कर दी थी। अब सुप्रीम कोर्ट के इस रुख ने कंगना के लिए कानूनी राह और मुश्किल कर दी है।
सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने कंगना की याचिका पर सुनवाई की। सुनवाई शुरू होते ही जस्टिस मेहता ने कंगना की टिप्पणी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, "यह कोई साधारण रिट्वीट नहीं था। आपने इसमें अपनी टिप्पणी जोड़ी, मसाला डाला।" कंगना के वकील ने सफाई देने की कोशिश की और कहा कि उनकी मुवक्किल ने अपनी टिप्पणी पर स्पष्टीकरण दे दिया है। लेकिन कोर्ट ने साफ कहा कि यह स्पष्टीकरण निचली अदालत में दिया जा सकता है।
जब कंगना के वकील ने कहा कि वह पंजाब में सुरक्षित महसूस नहीं करतीं और वहां यात्रा नहीं कर सकतीं, तो कोर्ट ने सुझाव दिया कि वह व्यक्तिगत पेशी से छूट के लिए आवेदन कर सकती हैं। कोर्ट ने यह भी चेतावनी दी कि अगर कंगना के वकील ज्यादा बहस करेंगे, तो अदालत ऐसी टिप्पणी कर सकती है, जो उनके मुकदमे को नुकसान पहुंचाए। आखिरकार, कंगना के वकील ने याचिका वापस लेने का फैसला किया।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा विवाद 2020-21 के किसान आंदोलन से जुड़ा है, जब केंद्र सरकार के तीन विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ देशभर में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहे थे। इस दौरान, कंगना रनौत ने एक ट्वीट को रिट्वीट करते हुए पंजाब के बठिंडा की रहने वाली महिंदर कौर के बारे में टिप्पणी की। कंगना ने यह दावा किया था कि महिंदर कौर वही "दादी" हैं, जो दिल्ली के शाहीन बाग आंदोलन में हिस्सा ले रही थीं। इस टिप्पणी को महिंदर कौर ने अपमानजनक और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाला माना। इसके बाद, जनवरी 2021 में बठिंडा की एक अदालत में महिंदर कौर ने कंगना के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया।
महिंदर कौर का कहना था कि कंगना की टिप्पणी ने उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया और उनके खिलाफ गलत बातें कही गईं। कंगना के वकील ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में दलील दी थी कि बठिंडा कोर्ट का समन आदेश गलत था और यह आपराधिक प्रक्रिया संहिता का उल्लंघन करता है।
