सुकेश केस में नोरा फतेही की बढ़ी मुश्किलें! 2 नवंबर को कोर्ट में होना होगा पेश, सरकारी गवाह के तौर पर दर्ज होगा बयान
बॉलीवुड अभिनेत्री और डांसर नोरा फतेही एक बार फिर महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर चर्चा में हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने नोरा फतेही को समन जारी करते हुए 2 नवंबर 2026 को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है। खास बात यह है कि इस बार नोरा को आरोपी के तौर पर नहीं, बल्कि अभियोजन पक्ष के सरकारी गवाह के रूप में अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दाखिल तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट के आधार पर यह आदेश जारी किया है। जांच एजेंसी का मानना है कि इस मामले में नोरा फतेही का बयान महत्वपूर्ण हो सकता है। अदालत में उनके बयान से सुकेश चंद्रशेखर के कथित ठगी नेटवर्क और उससे जुड़े लेनदेन की कड़ियों को समझने में मदद मिल सकती है।
200 करोड़ की ठगी से जुड़ा है पूरा मामला
दरअसल, यह पूरा मामला साल 2020-21 के दौरान दिल्ली की रोहिणी जेल से संचालित कथित रंगदारी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने जेल में रहते हुए खुद को केंद्र सरकार का वरिष्ठ अधिकारी बताकर रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह को अपने झांसे में लिया था।
सुकेश ने कथित तौर पर अदिति सिंह को उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने और कानूनी मदद दिलाने का भरोसा दिया था। इसी बहाने उसने उनसे करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी की। इस मामले में ED लंबे समय से जांच कर रही है और सुकेश के आर्थिक नेटवर्क, संपत्तियों तथा बॉलीवुड से जुड़े संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।
नोरा को मिले थे महंगे गिफ्ट, ED ने की थी पूछताछ
जांच के दौरान नोरा फतेही का नाम भी सामने आया था। ED ने उनसे कई बार पूछताछ की थी। आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर या उसके सहयोगियों की ओर से नोरा को लग्जरी गाड़ियां, महंगे बैग और ज्वेलरी जैसे कीमती उपहार दिए गए थे।
जांच एजेंसी की पूछताछ में नोरा ने एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लग्जरी कार मिलने की बात स्वीकार की थी। यह कार उन्हें वर्ष 2020 में चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गिफ्ट की गई थी। इसके अलावा सुकेश और नोरा को आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ की जा चुकी है।
हालांकि, नोरा फतेही ने लगातार किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल होने से इनकार किया है। उनका कहना रहा है कि वह खुद इस पूरे मामले में पीड़ित रही हैं और उन्हें सुकेश के कथित ठगी के पैसे से जुड़े किसी अपराध की जानकारी नहीं थी।
जैकलीन फर्नांडिस भी मामले में आरोपी
इस हाईप्रोफाइल मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी प्रमुखता से सामने आया है। ED की जांच के मुताबिक, सुकेश ने जैकलीन से नजदीकियां बढ़ाने के बाद उन पर सात करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए थे। आरोप है कि उसने उन्हें महंगे गिफ्ट दिए थे।
इन उपहारों में लग्जरी बैग, हीरे की ज्वेलरी, चार पर्शियन बिल्लियां और करीब 57 लाख रुपये का घोड़ा शामिल बताया गया है। इसके अलावा जैकलीन के परिवार के सदस्यों को भी महंगी गाड़ियां देने का आरोप है। इनमें बहरीन में रह रहे उनके माता-पिता के लिए पोर्श और मसेराटी जैसी गाड़ियां तथा उनके भाई-बहन को वाहन देने की बात शामिल है।
ED ने जैकलीन को इस मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी बनाया है। वहीं, नोरा फतेही को सरकारी गवाह के रूप में अदालत में बुलाया गया है।
2 नवंबर की पेशी पर टिकी निगाहें
अब इस पूरे मामले में 2 नवंबर 2026 की तारीख महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नोरा फतेही अदालत में अपना बयान दर्ज कराएंगी। उनके बयान से सुकेश चंद्रशेखर के कथित रंगदारी नेटवर्क, महंगे उपहारों और उससे जुड़े लोगों के संबंध में अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। फिलहाल सभी की निगाहें राउज एवेन्यू कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं।
