पीछा, धमकी और थाने में हंगामा... फिर दोनों तरफ से एफआईआर, भाजपा नेता और इन्फ्लुएंसर विवाद ने पकड़ा तूल
सरगुजा : अंबिकापुर में कलाकेंद्र मैदान के पास रविवार दोपहर भाजपा नेता धीरज सिंह और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो के बीच हुआ विवाद देर शाम तक थाने पहुंच गया। आकांक्षा ने धीरज सिंह पर पीछा करने, जातिसूचक गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धीरज सिंह के खिलाफ बीएनएस की धाराओं और एसटी-एससी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। एफआईआर की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंच गए। यहां जमकर हंगामा हुआ और आकांक्षा टोप्पो व अकील अहमद के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई। कुछ ही देर बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ भी अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली।
कलाकेंद्र के पास शुरू हुआ विवाद, होटल जा पहुंचा मामला
आकांक्षा टोप्पो के मुताबिक, वह 4 अक्टूबर को दोपहर करीब 12.30 बजे अपने कैमरामैन दिनेश कुमार के साथ कार से कलाकेंद्र मैदान पहुंची थीं। मैदान के पिछले गेट के पास पहुंचने पर धीरज सिंह स्कॉर्पियो से वहां पहुंचे और कार का शीशा नीचे करने को कहा। आरोप है कि बातचीत के दौरान धीरज सिंह ने जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद दिनेश ने कार पीछे लेकर अजाक थाने की ओर जाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान चार लोगों ने उनकी गाड़ी रोकने का प्रयास किया। इसके बाद उन्होंने कार आगे बढ़ाई तो धीरज सिंह ने भी वाहन से उनका पीछा किया। घबराकर आकांक्षा और दिनेश कलेक्टोरेट चौक स्थित अनन्या होटल में चले गए और पुलिस को सूचना दी।
थाने में बढा सियासी पारा
सूचना मिलने पर सीएसपी राहुल बंसल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस धीरज सिंह को वाहन में बैठाकर कोतवाली थाने ले गई। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा नेता दीपक यादव, रविंद्र तिवारी, कैश मोहम्मद समेत कई कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। धीरज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की खबर के बाद देर शाम थाने में भाजपा नेताओं और समर्थकों की भीड़ बढ़ती गई।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद ने सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो और पोस्ट किए हैं, जिनसे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। भाजपा नेता शैलेंद्र शर्मा ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पहले ही सरगुजा आईजी को ज्ञापन सौंपा था।
दो एफआईआर से बदला पूरा मामला
पुलिस ने शैलेंद्र शर्मा के आवेदन पर आकांक्षा टोप्पो और अकील अहमद के खिलाफ धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पर सोशल मीडिया के जरिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने तथा राजनेताओं के खिलाफ विवादित वीडियो और पोस्ट प्रसारित करने के आरोप हैं। इस तरह दोपहर में कलाकेंद्र मैदान के पास शुरू हुआ विवाद देर शाम तक दोनों पक्षों की एफआईआर में बदल गया। एक ओर भाजपा नेता पर गंभीर आरोपों के आधार पर एसटी-एससी एक्ट में मामला दर्ज हुआ, वहीं दूसरी ओर इन्फ्लुएंसर और उसके साथी पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर कार्रवाई की गई।
शिकायत में पीछा करने और धमकी का आरोप
आकांक्षा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि धीरज सिंह ने उनका पीछा करते हुए जातिसूचक और अश्लील गालियां दीं तथा जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के बाद वह डर गई थीं और होटल में जाकर पुलिस को बुलाया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस के सामने दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के साथ सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और घटना के दौरान मौजूद लोगों की भूमिका भी जांच का विषय है।
