ट्रैक्टर हादसे के बाद बिगड़े हालात, प्रभारी तहसीलदार पर गिरी गाज, कमिश्नर ने किया निलंबित
सूरजपुर : ट्रैक्टर दुर्घटना के बाद उपजे जनआक्रोश और बिगड़ी कानून-व्यवस्था के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ग्राम कुबेरपुर में 17 अक्टूबर को हुए हंगामे के दौरान प्रशासनिक स्तर पर बरती गई कथित शिथिलता और लापरवाही अब एक अधिकारी पर भारी पड़ गई। सरगुजा संभाग के कमिश्नर ने बिहारपुर के प्रभारी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार करमचंद जाटवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार 17 अक्टूबर को ग्राम कुबेरपुर में ट्रैक्टर दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था। आक्रोशित लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था को नियंत्रित करने में प्रशासनिक शिथिलता सामने आने की बात कही गई। मामले में सिविल सेवक के कर्तव्यों के प्रति उदासीनता और लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संभागायुक्त ने निलंबन की कार्रवाई की।
अंबिकापुर पटवारी शाला होगा निलंबन अवधि का मुख्यालय
निलंबन आदेश के मुताबिक, करमचंद जाटवर का मुख्यालय निलंबन अवधि के दौरान संभागीय पटवारी शाला, अंबिकापुर, जिला सरगुजा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
