2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग, शिक्षा मंत्री के बंगले का घेराव; पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों ने सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव कर दिया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस प्रदर्शनकारियों और उनके परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है। वहीं, कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस वाहनों में बैठाकर मौके से ले जाती नजर आई।
11 महीने से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन
जानकारी के मुताबिक, डीएड अभ्यर्थी पिछले 11 महीनों से सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। लंबे समय से मांग पूरी नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी नाराजगी के चलते एक बार फिर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री के बंगले के बाहर प्रदर्शन करने पहुंच गए।
इससे पहले 5 नवंबर को भी डीएड अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के बंगले पर प्रदर्शन किया था। उस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी बंगले के अंदर पहुंचकर धरने पर बैठ गए थे। इस घटना के बाद से ही मंत्री बंगले की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इसके बावजूद अभ्यर्थियों ने एक बार फिर घेराव कर अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
2300 पदों पर नियुक्ति को लेकर क्या है विवाद
दरअसल, पूरा मामला वर्ष 2023 की सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़ा हुआ है। डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान बीएड अभ्यर्थियों को सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति दी गई थी। बाद में न्यायालय के आदेशों के बाद बीएड अभ्यर्थियों की नियुक्तियां निरस्त होने से कई पद रिक्त हो गए।
अभ्यर्थियों का दावा है कि इन रिक्त पदों पर पात्र डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जानी चाहिए थी, लेकिन लंबे समय बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है। उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट और छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद उन्हें अब तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है।
कई तरीकों से कर चुके हैं आंदोलन
डीएड अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर पिछले कई महीनों से अलग-अलग तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपे हैं। इसके अलावा कैंडल मार्च, मौन धरना, दंडवत यात्रा और सांकेतिक प्रदर्शन के जरिए भी सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करने की कोशिश की है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि लगातार आंदोलन और ज्ञापन देने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। अब वे चाहते हैं कि सरकार उनकी मांग पर जल्द निर्णय ले और नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाए।
अभ्यर्थियों की सरकार से दो प्रमुख मांगें
डीएड अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के शेष 2300 रिक्त पदों पर पात्र अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति दी जाए। इसके साथ ही सरकार नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक निश्चित समय-सीमा भी घोषित करे, ताकि लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सके।
फिलहाल शिक्षा मंत्री के बंगले के बाहर पुलिस बल तैनात है और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास जारी है। अब देखना होगा कि लगातार आंदोलन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों की मांग पर राज्य सरकार कब तक कोई ठोस निर्णय लेती है।
