रायपुर AIIMS में जिंदगी की जंग लड़ रही 3 साल की काव्या, PM मोदी को लिखा भावुक पत्र, बोली- दादाजी मुझे बचा लीजिए
रायपुर। जिंदगी की शुरुआत में ही गंभीर बीमारी से जूझ रही महज 3 साल 9 महीने की मासूम काव्या की कहानी हर किसी को भावुक कर देने वाली है। ब्लड कैंसर से पीड़ित काव्या इन दिनों रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती है। एक ओर वह गंभीर बीमारी से लड़ रही है, तो दूसरी ओर उसके परिवार के सामने आर्थिक संकट भी बड़ी चुनौती बनकर खड़ा है। बेटी के इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ परिवार अब मदद की उम्मीद लगाए बैठा है। इसी बीच मासूम काव्या ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भावुक चिट्ठी लिखकर इलाज में सहायता की गुहार लगाई है।

प्रधानमंत्री मोदी को लिखा भावुक पत्र
काव्या ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में बेहद मासूमियत के साथ उन्हें 'दादाजी' कहकर संबोधित किया है। चिट्ठी की शुरुआत में वह लिखती है, ''आपसे एक बात पूछूं? क्या मैं आपको दादाजी कह सकती हूं? मेरी उम्र अभी सिर्फ 3 साल और 9 महीने है। मैं बहुत छोटी हूं। मुझे दुनिया की बहुत सारी बातें समझ नहीं आतीं, लेकिन इतना जरूर समझती हूं कि मैं बीमार हूं और मेरे मम्मी-पापा बहुत परेशान हैं।''
काव्या ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से रायपुर AIIMS में भर्ती है। इससे पहले उसका इलाज रायगढ़ के अस्पताल में चल रहा था। अस्पताल में डॉक्टर और नर्स उसकी देखभाल कर रहे हैं। माता-पिता भी दिन-रात उसके साथ रहते हैं। लेकिन मासूम ने कई बार अपने माता-पिता को रोते हुए देखा है। उनकी परेशानी देखकर वह खुद भी चिंतित हो जाती है।
बीमारी का नाम जानती है, लेकिन नहीं समझती कैंसर का मतलब
अपने पत्र में काव्या ने लिखा कि एक दिन उसने डॉक्टर और अपने पिता को उसकी बीमारी और जिंदगी के बारे में बात करते सुना। उनकी बातचीत से उसे डर लगने लगा। उसे महसूस हुआ कि शायद वह अब कभी अपने घर वापस नहीं जा पाएगी।
मासूम ने अपनी बीमारी को लेकर कई सवाल भी किए हैं। उसने लिखा कि उसे ब्लड कैंसर है, लेकिन वह नहीं जानती कि कैंसर क्या होता है और उसे यह बीमारी क्यों हुई। उसने मासूमियत से पूछा कि क्या ज्यादा चॉकलेट खाने से ऐसा हुआ है? क्या खेतों में इस्तेमाल होने वाले रासायनिक खाद और दवाइयों से यह बीमारी होती है? काव्या के ये सवाल उसकी नन्ही उम्र और बीमारी से उपजे डर को बयां करते हैं।
डॉक्टर बनने का है सपना, बीमार बच्चों का करना चाहती है इलाज
काव्या ने अपने पत्र में अपनी छोटी-सी दुनिया और सपनों का भी जिक्र किया है। उसने बताया कि कुछ दिन पहले तक वह आंगनबाड़ी जाती थी। वहां दूसरे बच्चों के साथ खेलती थी और धीरे-धीरे पढ़ना सीख रही थी। उसे खिलौनों से खेलना, मां की गोद में सोना और पापा के साथ घूमना बहुत पसंद है।
मासूम का सपना बड़ा होकर डॉक्टर बनने का है। वह भी सफेद कोट पहनकर अस्पताल में बीमार बच्चों का इलाज करना चाहती है। उसकी इच्छा है कि कोई भी बच्चा बीमारी की वजह से अपनी मां से दूर न हो। लेकिन विडंबना देखिए कि दूसरों का इलाज करने का सपना देखने वाली यह बच्ची आज खुद अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
भूमिहीन किसान हैं पिता, इलाज का खर्च बना बड़ी चुनौती
काव्या ने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में भी प्रधानमंत्री को बताया है। उसके पिता भूमिहीन किसान हैं। उनके पास खेती के लिए अपनी जमीन नहीं है। वह मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
ऐसे में बेटी के गंभीर इलाज का खर्च उठाना उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया है। काव्या को यह तो नहीं पता कि उसके इलाज में कितने पैसे खर्च हो रहे हैं और उसके पिता पैसों का इंतजाम कैसे कर रहे हैं, लेकिन उसे अपने पिता के प्यार और संघर्ष का एहसास जरूर है।
'खिलौना और चॉकलेट नहीं, मुझे थोड़ी सी जिंदगी चाहिए'
प्रधानमंत्री से मदद मांगते हुए काव्या ने पत्र में लिखा है, ''दादाजी, क्या आप मेरे पापा की मदद नहीं कर सकते? मैं आपसे अपने लिए कोई खिलौना नहीं मांग रही। कोई चॉकलेट नहीं मांग रही। मैं बस थोड़ी-सी जिंदगी मांग रही हूं। मुझे बचा लीजिए दादाजी।''
काव्या ने प्रधानमंत्री से अपने इलाज के लिए हरसंभव चिकित्सा सहायता और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद करने की अपील की है। पत्र के अंत में उसने अपनी छोटी-छोटी इच्छाएं जाहिर की हैं। उसे फिर से स्कूल जाना है, आंगनबाड़ी में बच्चों के साथ खेलना है, माता-पिता के साथ घर लौटना है और डॉक्टर बनने का सपना पूरा करना है।
महज 3 साल 9 महीने की बच्ची की यह अपील समाज के सामने एक गंभीर सवाल भी खड़ा करती है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए गंभीर बीमारियों का इलाज कितना बड़ी चुनौती बन जाता है। काव्या की चिट्ठी में किसी खिलौने या चॉकलेट की मांग नहीं, बल्कि बचपन जीने और अपने सपनों को पूरा करने की एक छोटी-सी उम्मीद है। उसकी आखिरी गुहार है- ''प्लीज दादाजी, मुझे जीना है।''
