प्रेमी के खाते में पैसे डालने की जिद, 17 साल की किशोरी ने भाई को कमरे में किया कैद
बिलासपुर : सिविल लाइन थाना क्षेत्र में देर रात एक अजीबोगरीब घटनाक्रम ने परिवार और पुलिस दोनों को परेशान कर दिया। 17 साल की नाबालिग लड़की ने अपने 12 वर्षीय छोटे भाई को कमरे में बंद कर लिया और परिजनों से अपने प्रेमी के बैंक खाते में रुपये जमा करने की जिद करने लगी। परिवार ने रुपये देने से इनकार किया तो किशोरी ने भाई को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे डाली। इससे घबराए परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची।
नहीं खोली दरवाज़ा, अडी रही जिद पर
किशोरी कमरे के अंदर अपने छोटे भाई के साथ थी और दरवाजा खोलने को तैयार नहीं थी। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक समझाइश देकर उसे शांत कराने और दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। काफी देर तक समझाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस ने सावधानी बरतते हुए दरवाजा धक्का देकर खोला। पुलिसकर्मी कमरे के अंदर पहुंचे और दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार, किशोरी लगातार अपने प्रेमी के बैंक खाते में रुपये जमा कराने के लिए परिवार पर दबाव बना रही थी। परिवार द्वारा मना किए जाने पर मामला इतना बढ़ गया कि उसने अपने छोटे भाई को भी धमकाना शुरू कर दिया।
काउंसिलिंग के लिए भेजा सखी सेंटर
घटना के बाद पुलिस ने नाबालिग की काउंसिलिंग कराने का निर्णय लिया है। उसे सखी सेंटर भेजा गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि किशोरी अपने प्रेमी के खाते में पैसे जमा कराने के लिए परिजनों पर इतना दबाव क्यों बना रही थी और इसके पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं है। फिलहाल दोनों बच्चों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
