30 हजार के लालच में नाबालिग से कराई गैंगरेप की झूठी रिपोर्ट, पुरानी रंजिश में 5 युवकों को फंसाने की साजिश नाकाम
बिलासपुर : सकरी थाना क्षेत्र में गैंगरेप की शिकायत ने पुलिस को भी चौंका दिया। देर रात फटे कपड़ों में थाने पहुंची नाबालिग ने पांच युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया। मामला गंभीर था, इसलिए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, पूरी कहानी ही बदल गई। पुलिस के मुताबिक गैंगरेप की घटना हुई ही नहीं थी, बल्कि पुरानी रंजिश में पांच युवकों को फंसाने के लिए नाबालिग को मोहरा बनाकर पूरी साजिश रची गई थी।
फटे कपड़ों में पहुंची थाने, पांच युवकों पर लगाया आरोप
शनिवार देर रात सिविल लाइन क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग अपने परिजनों के साथ सकरी थाने पहुंची। उसके कपड़े फटे हुए थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पांच युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया है। नाबालिग ने भी पूछताछ में बताया कि पांच युवक उसे सुनसान जगह पर ले गए और वहां बारी-बारी से दुष्कर्म किया। शिकायत मिलते ही पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने जांच में कोई जल्दबाजी नहीं की और घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल शुरू की।
बयान में उलझी कहानी, पुलिस को हुआ शक
जांच के दौरान नाबालिग के बयान और पांचों युवकों की बताई गई मौजूदगी के बीच अंतर सामने आने लगा। महिला पुलिसकर्मियों ने नाबालिग से अलग-अलग स्तर पर पूछताछ की। संदिग्धों से पूछताछ के साथ उनकी उस समय की लोकेशन और मौजूदगी की भी जांच की गई। पांचों युवकों ने गैंगरेप की घटना से साफ इनकार किया। उनका कहना था कि जिस समय की घटना बताई जा रही है, उस वक्त वे अलग-अलग स्थानों पर मौजूद थे। पुलिस ने उनके दावों की पड़ताल की तो शिकायत में बताए गए घटनाक्रम से कई बातें मेल नहीं खाई।
30 हजार का लालच देकर दर्ज कराई गैंगरेप की झूठी रिपोर्ट
पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते पांच युवकों को फंसाने की योजना बनाई गई थी। आरोप है कि एक युवती और दो युवकों ने नाबालिग को 30 हजार रुपए देने का लालच दिया। इसके बाद उसे पांच युवकों के खिलाफ झूठी दुष्कर्म की शिकायत करने के लिए तैयार किया गया। पुलिस के अनुसार, साजिश को असली घटना का रूप देने के लिए नाबालिग के कपड़े तक फाड़े गए और फिर उसे सकरी थाने ले जाकर गैंगरेप की शिकायत दर्ज कराई गई।
पांचों युवकों से पूछताछ, नहीं मिले घटना स्थल पर होने के सबूत
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांचों युवकों को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस ने उनके बताए स्थानों और घटनाक्रम की जांच की। इस दौरान उनके घटनास्थल पर मौजूद नहीं होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस का शक झूठी शिकायत और साजिश की ओर बढ़ गया। पूछताछ में नाबालिग ने भी कथित तौर पर लालच में आकर झूठी शिकायत करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान पांचों युवकों से मोटी रकम वसूलने की योजना भी सामने आई है।
सकरी थाना प्रभारी ने ऐसी घटना की जानकारी से किया इनकार
मामले में एक पेच यह भी सामने आया कि सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू ने ऐसी किसी घटना या शिकायत की जानकारी होने से इनकार किया। उनका कहना है कि उनके थाने में इस तरह का कोई मामला नहीं आया है। वहीं पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सकरी थाने में जीरो पर केस दर्ज कर केस डायरी सिविल लाइन थाने भेजी गई है।
साजिश में शामिल तीन लोगों की पुलिस कर रही तलाश
सिविल लाइन सीएसपी परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि मामला गंभीर होने के कारण इसकी जांच कराई गई। शिकायत में जिन पांच युवकों के नाम सामने आए थे, उन्हें पकड़कर पूछताछ की गई, लेकिन वे घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं पाए गए। जांच में शिकायत झूठी मिलने के बाद मामले में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब उस युवती और दो युवकों की तलाश कर रही है, जिन पर नाबालिग को लालच देकर झूठी शिकायत कराने और पांच युवकों को फंसाने की साजिश में शामिल होने का आरोप है। मामले की जांच सिविल लाइन पुलिस कर रही है।
