Drug Case: नशे की बड़ी खेप पर पुलिस का शिकंजा! 8-10 लाख की अफीम बरामद, सोनीपत के दो आरोपी गिरफ्तार
रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान CIA-1 टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सांपला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 3 किलो 772 ग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में सोनीपत जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपये है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से खरीदी गई थी और रोहतक में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
कुलताना रोड पर पुलिस ने रोका
पुलिस के मुताबिक, CIA-1 टीम को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति नशीला पदार्थ लेकर सांपला इलाके में घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कुलताना रोड स्थित पुल के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोका और उनके सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से अफीम बरामद होने का दावा किया गया। वजन करने पर नशीले पदार्थ की मात्रा 3 किलो 772 ग्राम निकली।
छत्तीसगढ़ से लाने का पुलिस का दावा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि वे अफीम की खेप छत्तीसगढ़ से लेकर रोहतक पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों का मकसद यहां नशीले पदार्थ की सप्लाई करना था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनीपत के धनाना गांव निवासी राज सिंह (42) और टिंकू (28) के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपियों के बताए इनपुट की जांच कर रही है। छत्तीसगढ़ से रोहतक तक पहुंचने के दौरान उन्होंने किन लोगों से संपर्क किया और यहां नशे की खेप किस व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी, इन सभी बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।
पैदल चल रहे थे आरोपी
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी पैदल ही जा रहे थे। पुलिस का मानना है कि संभवतः इस तरीके से वे जांच एजेंसियों की नजर से बचने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, उनके सफर और नशीले पदार्थ की खरीद से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
एक आरोपी पहले भी NDPS मामले में रह चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल राज सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ भिवानी में पहले एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस का कहना है कि वह इस मामले में 7 साल की सजा काट चुका है और करीब दो वर्ष पहले जेल से बाहर आया था। इस पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस मौजूदा मामले में भी आरोपी की भूमिका और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।
सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
डीएसपी राकेश मलिक के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 772 ग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 8 से 10 लाख रुपये के बीच है। दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस खेप के पीछे और कौन लोग शामिल हैं ? साथ ही छत्तीसगढ़ से नशीला पदार्थ लाने और रोहतक में इसकी सप्लाई की योजना से जुड़े संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
