Dharseewa Crime: सुनसान सड़क पर पुलिस को देखते ही भागे आरोपी, टाटा मैजिक में मिली युवक की लाश; हत्या के बाद ठिकाने लगाने की आशंका
रायपुर। धरसीवां इलाके में देर रात पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान ऐसा मामला सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। सुनसान नहर मार्ग पर पुलिस को देखकर एक टाटा मैजिक वाहन और उसके पीछे चल रहे बाइक सवार अचानक भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो संदिग्ध वाहन सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। जब पुलिस टीम ने टाटा मैजिक की तलाशी ली तो अंदर एक युवक की लाश बरामद हुई। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि शव को कहीं ठिकाने लगाने की तैयारी थी।
पुलिस को देखते ही बदला आरोपियों का रुख
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात धरसीवां पुलिस की पेट्रोलिंग टीम कुंवरगढ़ से परसतराई की ओर नहर मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक टाटा मैजिक सवारी वाहन आता दिखाई दिया। उसके पीछे दो बाइक भी चल रही थीं। पुलिस वाहन पर नजर पड़ते ही मैजिक और बाइक सवारों की गतिविधियां संदिग्ध हो गईं। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो आरोपी वाहन और बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
मैजिक के अंदर शव देखकर पुलिस भी रह गई हैरान
संदेह के आधार पर पुलिसकर्मियों ने टाटा मैजिक की जांच की। वाहन के भीतर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हत्या, हादसा या कुछ और? पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। शरीर पर चोट के निशान और मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ज्यादा स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि टाटा मैजिक में शव कहां से लाया गया था और उसे आखिर कहां ले जाया जा रहा था।
बाइक सवारों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद फरार हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के रास्तों, संभावित ठिकानों और संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही टाटा मैजिक वाहन के मालिक और उससे जुड़े लोगों की भी जानकारी खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि वाहन, बाइक और मौके से मिले अन्य सुरागों के आधार पर जल्द ही मृतक की पहचान और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकता है। फिलहाल, सुनसान नहर मार्ग पर लावारिस खड़ी मैजिक और उसके अंदर मिली लाश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
