सब्जी मंडी में देर रात 3 दुकानों में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक
बिलासपुर : रतनपुर मेला भाटा सब्जी मंडी के पास गुरुवार देर रात अचानक आग लगने से तीन दुकानें जलकर खाक हो गई। आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते आग ने एक के बाद एक तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में लाखों रुपये के सामान के जलने का अनुमान है।
बताया गया कि भेड़ीमुड़ा निवासी दुर्गा कश्यप की मेला भाटा सब्जी मंडी के पास पान और डेली नीड्स की दुकान है। रोज की तरह वह रात में दुकान बंद कर घर चला गया था। देर रात राहगीरों ने दुकान से आग की लपटें उठती देखीं। इसके बाद रतनपुर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी। रतनपुर का दमकल वाहन खराब होने के कारण बिलासपुर से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। दमकल के पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी। दुकान में रखा पान का सामान, डेली नीड्स का सामान और अन्य सामग्री पूरी तरह जल गई।
पीछे की दो दुकानें भी आई चपेट में
आग इतनी तेजी से फैली कि दुर्गा कश्यप की दुकान के पीछे स्थित दो अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ गई। बिलासपुर से पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को आसपास की दूसरी दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
आगजनी में तीन दुकानों के सामान के जलने से दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आ रही है। हालांकि आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। रतनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
