Punjab News: अAK-47 से लेकर हैंड ग्रेनेड तक… अमृतसर में हथियारों की खेप बरामद, पाकिस्तान कनेक्शन की जांच तेज
अमृतसर। पंजाब में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश को अमृतसर देहाती पुलिस ने नाकाम करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से AK-47 राइफल, मैगजीन, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। हथियारों की इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, पुलिस को अवैध हथियारों की खेप को लेकर इनपुट मिला था। इसके आधार पर अमृतसर रूरल पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपी तक पहुंच बनाई। तलाशी के दौरान पुलिस को आधुनिक हथियारों के साथ विस्फोटक सामग्री भी मिली।
पाकिस्तान से सीमा पार पहुंची हथियारों की खेप
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बरामद हथियारों की खेप पाकिस्तान से सीमा पार कर पंजाब पहुंचाई गई थी। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि हथियार भारत में किस नेटवर्क के जरिए लाए गए और इन्हें आगे किस व्यक्ति या समूह तक पहुंचाया जाना था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के कथित तौर पर विदेश में सक्रिय कुछ संदिग्ध और देश विरोधी तत्वों से संपर्क होने की जानकारी मिली है। इन संपर्कों और संभावित नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए पूछताछ की जा रही है।
AK-47 के साथ ग्रेनेड मिलने से बढ़ी चिंता
इस कार्रवाई में सिर्फ राइफल और कारतूस ही नहीं, बल्कि दो हैंड ग्रेनेड भी बरामद होने की बात सामने आई है। ऐसे में जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी गंभीर हथियारों की खेप आखिर किस उद्देश्य से मंगाई गई थी। पुलिस किसी संभावित वारदात को लेकर अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जांच का मुख्य फोकस हथियारों के स्रोत, सप्लाई चैन और इनके संभावित खरीदारों तक पहुंचने पर है।
घरिंडा थाने में दर्ज हुआ मामला
बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ घरिंडा थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट और Explosive Substances Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि सीमा पार से हथियारों की यह खेप किस माध्यम से पंजाब तक पहुंची और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं ?
नेटवर्क की अगली-पिछली कड़ियां तलाश रही पुलिस
पूछताछ के दौरान पुलिस आरोपी के मोबाइल संपर्क, संभावित सहयोगियों और हथियारों की डिलीवरी से जुड़े लिंक खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सामने आने वाली प्रत्येक कड़ी की गहन जांच की जाएगी। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब जांच का अगला चरण इस बात पर केंद्रित है कि AK-47 और ग्रेनेड की यह खेप किसके लिए थी और इसके पीछे पूरा नेटवर्क कितना बड़ा है।
