टैंकर पलटा तो मचा हड़कंप, डीजल बहते ही बाल्टी-जरकीन लेकर टूट पड़े लोग
रायगढ़ : जिले में सोमवार दोपहर मड़वाताल घाट पर डीजल से भरे टैंकर और स्वीप्ट कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और उसमें भरा डीजल बहने लगा। हादसे के बाद मौके पर ऐसा नजारा बना कि सड़क किनारे जमा लोग बाल्टी और जरकीन लेकर टैंकर से बह रहे डीजल को भरने पहुंच गए।
घटना कापू थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे डीजल से भरा टैंकर कापू से धरमजयगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान धरमजयगढ़ से अंबिकापुर की ओर जा रही स्वीप्ट कार से मड़वाताल घाट के पास उसकी टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि टैंकर सड़क पर पलट गया, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में युवती घायल, अस्पताल भेजा
कार में एक युवती और पुरुष सवार थे। हादसे में रायपुर के टाटीबंध निवासी नीतू वैष्णव को चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
डीजल बहता देख बाल्टी-जरकीन लेकर पहुंची भीड़
टैंकर के पलटते ही उससे डीजल सड़क पर बहने लगा। डीजल बहता देखकर आसपास के कई लोग बाल्टी और जरकीन लेकर मौके पर पहुंच गए और बह रहे डीजल को भरने लगे। इससे कुछ देर के लिए हादसे वाली जगह पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, रोका ट्रैफिक
घटना की सूचना मिलते ही कापू पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को पलटे हुए टैंकर से दूर हटाया और सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के दोनों ओर से यातायात रोक दिया। पुलिस की टीम ने मौके पर स्थिति संभालते हुए हादसे की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
