अटल आवास में देर रात आग का तांडव, जान बचाने छत से कूदे लोग, 5 बाइक जलकर राख
बिलासपुर : सरकंडा के देवकीनंदन दीक्षित मुक्तिधाम से लगे अटल आवास में रविवार देर रात आग ने ऐसा विकराल रूप लिया कि देखते ही देखते पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों और जहरीले धुएं के बीच फंसे लोग जान बचाने के लिए चीख-पुकार करने लगे। हालात इतने भयावह हो गए कि महिलाएं और बच्चे छत से नीचे कूदने को मजबूर हो गए। इस दौरान एक युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया, जिसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। आग की चपेट में आने से पांच बाइक जलकर खाक हो गई।
आधी रात आग की लपटों से घिरा आवास परिसर
घटना रविवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। अटल आवास के 24 ब्लॉक में 75 से ज्यादा लोग मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पार्किंग के पास अचानक चिंगारी उठी और देखते ही देखते आग फैलने लगी। आग की ऊंची लपटों के साथ धुआं पूरे परिसर में फैल गया। घरों में सो रहे लोग घबराकर जागे और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बाइक के टायर फटे तो पटाखों जैसी गूंज से दहले लोग
आग ने पार्किंग में खड़ी पांच बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया और इसके बाद पटाखों जैसी आवाजें आने लगीं, इससे दहशत और बढ़ गई। आग और धुएं के बीच फंसे परिवारों को समझ नहीं आ रहा था कि सुरक्षित बाहर कैसे निकलें। कई लोग कमरों में चादर ओढ़कर धुएं से बचने की कोशिश करते रहे, तो कुछ ने छत की ओर भागकर मदद के लिए आवाज़ लगाई।
स्थानीय युवकों ने संभाला मोर्चा, रस्सी-साड़ी से निकाले लोग

मुसीबत की इस घड़ी में स्थानीय युवक मिक्की मिश्रा अपने साथियों के साथ लोगों की मदद के लिए आगे आए। युवकों ने रस्सी और साड़ी के सहारे महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। आग के बीच फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय युवकों ने जोखिम उठाया। अफरा-तफरी के दौरान कुछ लोग छत से कूद गए, जिससे एक युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया। घायल को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने बिजली सप्लाई की बंद, दमकल की मदद से आग में काबू
आग की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। टीआई प्रदीप आर्या के साथ सरकंडा और सिविल लाइन के सीएसपी भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद कराई, ताकि बचाव कार्य के दौरान करंट का खतरा न रहे। इसके बाद रेस्क्यू शुरू किया गया और नगर सेना के आपदा प्रबंधन दल को बुलाया गया। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। टीआई प्रदीप आर्या के मुताबिक, रविवार रात करीब एक बजे अटल आवास में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल टीम भेजकर बिजली सप्लाई बंद कराई और दमकल की मदद से आग बुझाने की कार्रवाई कराई।
बिजली मीटर के पास से उठी चिंगारी, शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर बाइक खड़ी थी, उसी के पास बिजली मीटर और कनेक्शन लगे हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि रात में शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकली, जो नीचे खड़ी बाइक तक पहुंच गई। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और पांच बाइक इसकी चपेट में आ गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
दमकल पहुंचने में देरी का आरोप, आग बुझने के बाद भी घर लौटने से डरते रहे लोग
रहवासियों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बाद भी दमकल के पहुंचने में देरी हुई। शुरुआती दौर में लोगों को अपनी जान बचाने और दूसरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए खुद ही मशक्कत करनी पड़ी। आग बुझने के बाद भी परिसर में दहशत का माहौल बना रहा। लोग अपने घरों में वापस लौटने से डरते रहे।
