Bank Strike Postponed: तीन दिन बंद रहने वाले थे बैंक, IBA-UFBU की सहमति से टली राष्ट्रव्यापी हड़ताल
नई दिल्ली। बैंकिंग सेवाओं को लेकर देशभर में संभावित तीन दिवसीय हड़ताल का संकट टल गया है। आज से प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को भारतीय बैंक संघ (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बातचीत के बाद स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में बैंक ग्राहकों को लगातार तीन दिनों तक शाखाओं के बंद रहने से होने वाली संभावित परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
हड़ताल होने की स्थिति में सरकारी और ग्रामीण बैंकों की नियमित सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी। खास तौर पर चेक क्लीयरेंस, नकद लेनदेन और ऋण से जुड़ा कामकाज प्रभावित हो सकता था। हालांकि, रविवार देर रात हुई बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ प्रमुख मुद्दों पर सहमति बनने से प्रस्तावित आंदोलन को वापस लेने का फैसला किया गया।
रविवार रात हुई अहम बैठक में बनी सहमति
IBA और UFBU के वरिष्ठ पदाधिकारियों के बीच रविवार रात करीब 9:30 बजे बैठक हुई। इसमें बैंक यूनियनों की ओर से उठाए जा रहे लंबित मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत कई विषयों पर आगे बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी। यूनियन पक्ष की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सभी शनिवार को अवकाश रखने के लंबे समय से लंबित मुद्दे पर विचार के लिए एक संयुक्त समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। यह समिति उपलब्ध विकल्पों और बैंक ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर आगे की प्रक्रिया पर विचार करेगी।
PLI स्कीम और लंबित मुद्दों पर भी चर्चा
बैठक में स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू PLI यानी Performance Linked Incentive स्कीम में बदलाव से जुड़े मुद्दे पर भी बातचीत शुरू करने का फैसला हुआ है। यूनियनों की चिंताओं को आगे सरकार के सामने रखने की प्रक्रिया पर भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित विषयों को भी बातचीत के जरिए सुलझाने पर सहमति बनी है। इन मुद्दों को लेकर आगे की चर्चा जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
हड़ताल वापस, बैंकिंग सेवाएं रहेंगी सामान्य
IBA के साथ हुई बातचीत के बाद UFBU ने प्रस्तावित विरोध कार्यक्रमों और तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल को वापस लेने का फैसला किया है। इसका सीधा असर बैंक ग्राहकों पर पड़ेगा, क्योंकि अब सोमवार से बैंकिंग सेवाओं के सामान्य रूप से संचालित होने की उम्मीद है। हड़ताल टलने के बाद शाखाओं में नियमित कामकाज जारी रहेगा। ग्राहकों के लिए चेक क्लीयरेंस, नकद लेनदेन, लोन से जुड़े काम और अन्य बैंकिंग सेवाओं पर प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल का असर नहीं पड़ेगा।
बैंक ग्राहकों के लिए क्या बदला?
सबसे अहम बात यह है कि जिस तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को लेकर ग्राहकों और कारोबारियों के बीच चिंता थी, वह फिलहाल स्थगित हो गई है। हालांकि, जिन मुद्दों को लेकर बैंक यूनियनों ने आंदोलन का ऐलान किया था, उन पर बातचीत की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
