सामान्य सभा की बैठक के बीच नगर निगम में एसीबी का छापा, 10 हजार की रिश्वत लेते सम्पदा शाखा का कर्मचारी रंगे हाथ पकड़ाया
बिलासपुर : नगर निगम में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने दबिश देकर सम्पदा शाखा में पदस्थ कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोप है कि कर्मचारी ने राजकिशोर नगर निवासी एक व्यक्ति से मकान नवीनीकरण से संबंधित काम कराने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जांच कर शिकायत की पुष्टि की और इसके बाद ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।
सामान्य सभा चल रही थी, तभी पहुंची एसीबी की टीम
खास बात यह रही कि जिस समय एसीबी की टीम नगर निगम कार्यालय पहुंची, उस दौरान निगम में सामान्य सभा की बैठक चल रही थी। अचानक एसीबी की कार्रवाई की खबर फैलते ही निगम परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारी और कर्मचारी कार्रवाई की जानकारी लेने में जुट गए। कुछ ही देर में रिश्वत लेते कर्मचारी के पकड़े जाने की खबर पूरे निगम कार्यालय में फैल गई।
मकान के नवीनीकरण के लिए मांगी थी रकम
जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर निवासी शिकायतकर्ता अपने मकान के नवीनीकरण से जुड़े काम के लिए नगर निगम पहुंचा था। आरोप है कि इसी काम को आगे बढ़ाने और प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में सम्पदा शाखा में पदस्थ कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका ने उससे 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत एसीबी से कर दी।
शिकायत सही मिली तो बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने कर्मचारी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई। शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई की गई। जैसे ही कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद होगी आगे की कानूनी कार्रवाई
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी कर्मचारी को अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ शुरू की। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम जैसे सरकारी कार्यालय में सामान्य सभा की बैठक के दौरान हुई इस कार्रवाई से पूरे दिन निगम परिसर में इसकी चर्चा बनी रही।
