आखिर क्यूँ इंद्रावती भवन में मची अफरा-तफरी, समय रहते आधा दर्जन से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी का किया रेस्क्यू, टला बड़ा हादसा
रायपुर : नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में उस समय हड़कंप मच गया, जब आधा दर्जन से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी लिफ्ट में फंस गए। अचानक लिफ्ट बंद होने से अंदर मौजूद लोगों को घबराहट होने लगी। मदद के लिए आवाज लगाने के बाद बाहर मौजूद कर्मचारियों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद लिफ्ट के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।
गेट बंद होते ही अचानक रुक गई लिफ्ट
जानकारी के मुताबिक, प्रतिदिन की तरह बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी इंद्रावती भवन पहुंचे थे। इसी दौरान आधा दर्जन से ज्यादा कर्मचारी-अधिकारी लिफ्ट में सवार हुए। गेट बंद होने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट अचानक बीच में ही रुक गई। अंदर मौजूद लोगों ने काफी देर तक लिफ्ट चालू होने का इंतजार किया, लेकिन जब लिफ्ट नहीं चली तो उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई।
आधे घंटे तक चला रेस्क्यू, सभी सुरक्षित
लिफ्ट में लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही भवन में अफरा-तफरी मच गई। लिफ्ट के बाहर अधिकारी-कर्मचारियों की भीड़ जमा हो गई। तत्काल लिफ्ट ऑपरेटर को बुलाया गया और तकनीकी तरीके से लिफ्ट खोलने की कोशिश शुरू की गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
गर्मी और उमस से बिगड़ने लगी हालत
लिफ्ट के अंदर फंसे कर्मचारियों ने बताया कि भीषण गर्मी और उमस के कारण कुछ ही देर में हालत खराब होने लगी थी। बंद लिफ्ट के अंदर पसीने से लोग बेहाल हो गए और सांस लेने में भी परेशानी महसूस होने लगी। कर्मचारियों का कहना था कि अगर कुछ देर और लिफ्ट नहीं खुलती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
लिफ्टों की नियमित जांच और सुनिश्चित करे रखरखाव
इंद्रावती भवन में रोज बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों के साथ आम लोगों का भी आना-जाना रहता है। ऐसे में लिफ्ट जैसी जरूरी सुविधा में तकनीकी खराबी सामने आना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि भवन में लगी लिफ्टों की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की नौबत न आए।
