- Hindi News
- अपराध
- रायगढ़ में घरेलू विवाद बना हैवानियत की मिसाल: गुस्से में पत्नी ने पति पर किया ऐसा हमला कि सुनकर खड़े...
रायगढ़ में घरेलू विवाद बना हैवानियत की मिसाल: गुस्से में पत्नी ने पति पर किया ऐसा हमला कि सुनकर खड़े हो जाएंगे रोंगटे
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक मामूली घरेलू झगड़ा अचानक क्रूरता की सारी हदें पार कर गया। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम बनेकेला में एक महिला ने गुस्से में आकर अपने ही पति के प्राइवेट पार्ट को दांत से काट डाला। यह वारदात न सिर्फ घरेलू हिंसा की गंभीरता को उजागर करती है, बल्कि रिश्तों में बढ़ती असहिष्णुता और आक्रोश की खतरनाक तस्वीर भी पेश करती है।
दरअसल, विवाद ननद से शुरू हुआ था, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच मारपीट हुई। जानकारी के मुताबिक, 33 वर्षीय राजमिस्त्री और उसकी पत्नी के बीच शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे घरेलू बात को लेकर बहस शुरू हुई। विवाद की शुरुआत महिला की अपनी ननद (पति की बहन) से झगड़े से हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में तब्दील हो गई। इस दौरान पति, जो कथित तौर पर शराब के नशे में था, बीच-बचाव करने पहुंचा। बात यहीं नहीं थमी, विवाद और तीखा हो गया और दोनों पति-पत्नी कमरे में चले गए, जहाँ झगड़ा और भी उग्र हो गया। इसी दौरान महिला ने गाली-गलौज करते हुए पति से हाथापाई की और गुस्से में नियंत्रण खोते हुए उसने एक खौफनाक कदम उठाया, पति के प्राइवेट पार्ट पर दांत से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल पति दर्द से कराहते हुए बाहर निकला, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत लैलूंगा अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट पर 7 से 8 टांके लगाए। पीड़ित पति ने रविवार को हिम्मत जुटाकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 115 (2), और 118 (1) BNS के तहत FIR दर्ज की है।
लैलूंगा थाना प्रभारी रोहित बंजारे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने कहा पति द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, उससे पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
